
स्वतंत्रता दिवस पर जशपुर DSP के.आर. चौहान की कविता सोशल मीडिया पर वायरल, युवाओं में भर रहे देशभक्ति का जज्बा
जशपुर 13 अगस्त 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जशपुर के ट्रैफिक डीएसपी के.आर. चौहान की लिखी देशभक्ति से ओत-प्रोत कविता सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। कविता के जरिए डीएसपी चौहान ने युवाओं को देशप्रेम, एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया है।
डीएसपी के.आर. चौहान ने अपनी कविता का शीर्षक “वतन” रखा है। कविता में उन्होंने युवाओं से देश के लिए जीने, देश की अस्मिता की रक्षा करने, जाति-पंथ के भेदभाव को मिटाकर एकता के सूत्र में बंधने और संकट की घड़ी में एकजुट होकर खड़े होने का आह्वान किया है।
कविता की शुरुआत “वतन के खातिर जीना सीखो, वतन के खातिर मरना सीखो” जैसे देशभक्ति से ओतप्रोत संदेश से होती है। आगे उन्होंने भारत की मिट्टी से जुड़ाव, राष्ट्र के प्रति कर्तव्य और देश की अस्मिता के लिए त्याग की भावना को अपनी पंक्तियों में व्यक्त किया है।
डीएसपी चौहान की कविता में युवाओं को जाति और पंथ के भेद से ऊपर उठकर भारतीय होने की भावना के साथ एकजुट रहने का संदेश भी दिया गया है। कविता का समापन “जय हिंद, जय भारत, वंदे मातरम” के उद्घोष के साथ होता है।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में भी सक्रिय भूमिका
जशपुर में पदस्थापना के बाद ट्रैफिक डीएसपी के.आर. चौहान लगातार यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फील्ड में सक्रिय नजर आते हैं। वे ट्रैफिक अमले के साथ खुद सड़कों पर उतरकर यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हैं और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते दिखाई देते हैं।स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उनकी देशभक्ति कविता अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। कविता के माध्यम से उन्होंने युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना जगाने का प्रयास किया है।
डीएसपी के.आर. चौहान की कविता — “वतन”
वतन के खातिर जीना सीखो,
वतन के खातिर मरना सीखो!!
इस मिट्टी के कण-कण में रूह हमारी,
धड़कन में इसे धड़काना सीखो!!
ऋणी हैं हम सब इस धरा के,
इस ऋण को सब चुकाना सीखो!
जाति-पंथ का भेद मिटाकर,
एक सूत्र में बंध जाना सीखो!!
भारत माँ के सपूत हैं हम,
हिन्दुस्तानी कहलाना सीखो!
संकट की घड़ी में सब एक होकर,
देश के लिए खड़ा होना सीखो!!
देश की अस्मिता के लिए,
सबकुछ बलिदान करना सीखो!!
जय हिंद, जय भारत, वंदे मातरम।
के.आर. चौहान (डीएसपी), जिला जशपुर



