
The Tribal Times की खबर का बड़ा असर, टीबी पोषण आहार राशि घोटाले की जांच शुरू,
जशपुर- जशपुर जिले में टीबी मरीजों के पोषण आहार की राशि में कथित फर्जीवाड़े के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर The Tribal Times में प्रकाशित खबर के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए डिप्टी कलेक्टर की अध्यक्षता में 7 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है।
जांच कमेटी को निर्देश दिए गए हैं कि वह पूरे मामले की विस्तृत जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। आरोप है कि टीबी विभाग के कुछ अधिकारियों ने मरीजों को मिलने वाली पोषण आहार की राशि उनके खातों में भेजने के बजाय अपने रिश्तेदारों और परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दी।
इस पूरे मामले को The Tribal Times ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया।अब सभी की नजर जांच कमेटी की रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे इस पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा और दोषियों पर कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।


