जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में भाटामुड़ा पुलिया के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा 7 जनवरी की रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे-43 पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत एक तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि बोलेरो चालक शराब के नशे में था और तेज गति के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बोलेरो सीधे पंचर हालत में खड़ी ट्रक से जा टकराई।
हादसे में बोलेरो सवार युवक गंगा सिदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार तीनों युवक अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
जिस ट्रक से बोलेरो टकराई, वह पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और उसका चालक चक्का बदल रहा था। हादसे के समय ट्रक चालक कुछ दूरी पर मौजूद था, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पत्थलगांव पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।


