जशपुरनगर : जिले में आवागमन को सुगम बनाने के लिए एक और अहम कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सार्थक पहल के चलते जशपुर जिले को दो सड़कों के निर्माण के लिए कुल 7 करोड़ 65 लाख 41 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। यह स्वीकृति राज्य शासन द्वारा वर्ष 2024-25 के बजट में दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांसाबेल विकासखंड में सूजीबहार मुख्य सड़क से सिकरिया पहुंच मार्ग (लंबाई 2.00 किमी, पुल-पुलिया सहित) के निर्माण के लिए 2 करोड़ 70 लाख 70 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं, दूसरी परियोजना के तहत स्टेट हाईवे से कछुआकानी मार्ग (लंबाई 3.80 किमी) के निर्माण के लिए 4 करोड़ 94 लाख 71 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्रीय आवागमन बेहतर होगा और ग्रामीण इलाकों को मुख्य मार्गों से जोड़ने में सुविधा मिलेगी। इससे न केवल स्थानीय लोगों को लाभ होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने सीएम की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होकर तय समय में पूर्ण होंगे।